पडरौना। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत कस्बा के अलग-अलग मोहल्लों में जर्जर पड़ी सड़क, नाली निर्माण की स्वीकृति मिली है। इस योजना के तहत कस्बा में संचालित परिषदीय विद्यालयों का भी कार्याकल्प होगा। इन निर्माण कार्यों पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए नगर पंचायत की तरफ से टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
कस्बा के कई मोहल्लों में समय पर मरम्मत नहीं होने से सड़क और नाली क्षतिग्रस्त हो गई थीं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढों हो गए हैं, जिनमें हल्की सी बारिश होने पर पानी भर जाता है। सड़क किनारे बनी नालियां भी क्षतिग्रस्त होने से लोगों के घर से निकला गंदा पानी सड़कों पर ही एकत्र रहता था। इससे राहगीरों को आवागन में परेशानी होने के साथ आसपास रहने वाले लोगों को बरसात के दिनों घर से निकलना दूभर हो जाता था। मोहल्ले के लोगों को जलजनित बीमारियां भी होने की आशंका बनी रहती थी। कस्बा के लोग इस समस्या से निजात पाने के लिए कई बार नगर पंचायत समेत क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग कर चुके थे। लोगों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत ने कस्बा की जर्जर हो चुकी 30 सड़क और उसके किनारे नाली निर्माण के अलावा कस्बा में संचालित परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। उसकी स्वीकृति मिल गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत कस्बा के 30 सड़क और उसके किनारे नाली निर्माण के अलावा कस्बा के स्कूलों का कायाकल्प करने के लिए मंजूरी दी है। इन निर्माण कार्यों पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। स्वीकृत मोहल्लों में आरसीसी सड़क, नाली निर्माण और स्कूलों का कायाकल्प करने के लिए नगर पंचायत की तरफ से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। संवाद