गौरीश्रीराम। गनेशा पट्टी गांव की महिलाओं ने शनिवार को आबादी के नजदीक शराब की दुकान खोलने के विरोध में हंगामा किया। महिलाओं ने दुकान को वहां से हटाने की मांग को लेकर दुदही-सेवरही मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची सेवरही पुलिस ने किसी तरह से समझा बुझाकर जाम खत्म कराया। सेवरही थाना क्षेत्र के गनेशा पट्टी गांव के सामने देशी शराब की दुकान है। मुख्य मार्गों के किनारे से शराब की दुकान हटाने संबंधी आदेश के बाद यहां के दुकानदार ने शिवराज टोला के पास नई दुकान खोलने की तैयारी की है। इसकी जानकारी होने पर शनिवार को गांव की तमाम महिलाएं सेवरही-दुदही मार्ग पर पहुंचीं और दुकान को वहां से हटाने की मांग करने लगीं। कुछ देर बाद महिलाएं मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन करने लगीं।
सड़क जाम होने की सूचना पर सेवरही पुलिस मौके पर पहुंची और शराब की दुकान दूसरी जगह खुलवाने का आश्वासन देकर नाराज महिलाओं को शांत कराया। करीब डेढ़ घंटा बाद जाम समाप्त हो गया।
इस दौरान चांदकली देवी, लालमती देवी, राबड़ी देवी, सुरजी देवी, सुभावती देवी, कुंती देवी, राजपति देवी, सीमा देवी, कांति देवी, जानकी देवी ,पौधारी देवी, नैमुन खातुन, लालपरी देवी, रूबी खातून के अलावा गोविंद यादव, सतन चौहान, संजय चौहान, परमेश्वर जायसवाल, होशिल गौड़, राजकुमार चौहान आदि मौजूद रहे।