बुधवार की दोपहर बाद हाटा कस्बे के बाघनाथ चौराहे पर सड़क पार कर रहे बाइक सवार युवक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में बाइक समेत दोनों युवक ट्रक में फंसकर कुछ दूर तक घिसटते चले गए। दोनों युवकों को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के लीलापुर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय राजू अपने भतीजे 14 वर्षीय गोविंद के साथ बाइक से हाटा क्षेत्र में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दिन के करीब दो बजे हाटा कस्बे के बाघनाथ चौराहे पर हाइवे पार कर रहे थे। इस दौरान गोरखपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सहित दोनों युवक कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटते चले गए।
घटना देख कर लोग दौड़े तो ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग हो गया। लोगों ने दोनों घायलों को ट्रक के नीचे से निकालकर हाटा सीएचसी भेजा। वहां दोनों की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।