कसया। तहसील क्षेत्र के टेकुआटार-मथौली मार्ग पर सिधावे गांव के पास पिछले तीन वर्ष से अधूरा पड़ा करीब 200 मीटर सड़क निर्माण कार्य शनिवार को फिर से शुरू हो गया। कसया के एसडीएम डॉ संतराज सिंह और सीओ कुंदन सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसानों से वार्ता की, जिसके बाद यह कार्य दोबारा शुरू हो गया। टेकुआटार-मथौली मार्ग लगभग 11 किलोमीटर लंबा चौड़ीकरण और उच्चीकरण परियोजना के तहत स्वीकृत हुआ था।
अधिकतर सड़क का निर्माण समय पर पूरा हो गया था, लेकिन ग्राम सभा सिधावे में गिरिजेश पाल सिंह सहित पांच किसानों ने अपनी भूमि होने का दावा करते हुए निर्माण कार्य रोक दिया था।
इस कारण करीब 200 मीटर सड़क अधूरी रह गई थी और गड्ढों में तब्दील होकर स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई थी। एसडीएम और सीओ कसया राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से विस्तृत बातचीत की और समाधान निकाला। बातचीत के दौरान किसानों ने पुराने निर्धारित मार्ग पर ही सड़क निर्माण कराने की शर्त पर सहमति व्यक्त की। इस समझौते के बाद विभाग ने तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया।