तुर्कपट्टी। क्षेत्र के डिघवा पट्टी चौराहे पर रविवार को गांव के लोगों ने जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि पाइप में लीकेज के नाम पर जल निगम के ठेकेदार ने सड़क तोड़कर गड्ढे में तब्दील कर दी है। इसके बाद भी लोगों को पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है।
पूर्व प्रधान रामपारस सिंह व पूर्व ग्राम प्रधान नियाज अहमद की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे कपिलदेव पांडेय, मोबिन अहमद, राजु सिद्दीकी, रामेश्वर सिंह, बंका पटेल, रमाकांत पटेल, इंद्रजीत प्रसाद, सुग्रीम पटेल, जंगी सिंह, रामाकांत पटेल, जयगोपाल सिंह, रामकिशुन यादव, रामानंद गुप्ता, नंदकिशोर प्रसाद, टुन्नु पटेल, सुरज पटेल, सचिन सिंह, दयानंद शर्मा ने कहा कि डिघवा पट्टी एवं शेखवा टोली जोड़ने वाली इंटर लॉकिंग सड़क को जगह-जगह लीकेज सही करने के नाम पर तोड़ दी गई है। मरम्मत के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। नाराज लोगों ने क्षतिग्रस्त सड़क को सही कराने और जलापूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ कराने की मांग की। इस संबंध में जल निगम के जेई आदित्य सिंह ने कहा कि हर हाल में गांव के लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। लीकेज ठीक कर गड्ढों को भर दिया जाएगा।