पडरौना। रविंद्रनगर स्थित पार्टी जिला कार्यालय सभागार में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्तूबर तक पार्टी की तरफ से आयोजित सेवा पखवाड़ा अभियान को सफल बनाने की रणनीति बनाते हुए पदाधिकारियो में जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत 17 सितंबर को जिला स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके संयोजक युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सत्यम शुक्ल होंगे। उसी दिन बूथ स्तर पर स्वच्छता अभियान चलेगा। इसके संयोजक जिला महामंत्री सुदर्शन पाल होंगे। इसी तरह 20, 21 व 22 सितंबर को मंडल स्तर पर स्वास्थ्य शिविर होगा। इसके लिए जिला मंत्री अतुल श्रीवास्तव व आयोजित रक्तदान शिविर की जिम्मेदारी युवा मोर्चा जिला संयोजक शैलेंद्र तिवारी को दी गई है। 18 सितंबर को जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ल के संयोजन में जिला स्तरीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। 19 को प्रबुद्ध प्रकोष्ठ जिला संयोजक शैलेंद्र दत्त शुक्ल के संयोजकत्व में प्रबुद्ध संवाद कार्यक्रम होगा।