कसया। सोहसा चौराहे से परवरपार जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से बने जलभराव की समस्या का बृहस्पतिवार को संज्ञान लेकर एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल तहसीलदार धर्मवीर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। लोक निर्माण विभाग के एई मुकेश कुमार वर्मा को मौके पर बुलाकर जलभराव की समस्या दूर कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सड़क किनारे हुए अतिक्रमण का सीमांकन कराने के लिए संबंधित हल्का लेखपाल को निर्देशित किया। निर्देश मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन से पानी की निकासी शुरू कराई। साथ ही ठेकेदार को सड़क पर ईंट के टुकड़े और रॉबिन्स डालकर आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों और राहगीरों को तत्काल राहत मिल सके। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर फिसलन होने से आए दिन लोग गिरकर घायल भी हो रहे थे।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 100 मीटर सीसी सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या समाप्त हो सकेगी। इस दौरान जेई आशीष खरवार, मंटू राव, ठेकेदार जयप्रकाश राव आदि मौजूद रहे।