पडरौना। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। इसके चलते मौसम के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन गुने का अंतर आ चुका है। दिन में समय से धूप निकल रही है। इससे लोगों को ठंड से राहत तो मिल रही है, लेकिन शाम होते ही गलन भरी ठंड शुरू हो जा रही है। इससे लोग अपने कामकाज को निपटाकर जल्द घर के लिए निकल जा रहे हैं।
बीते कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह के समय धूप निकल रही है, धूप में तपिश भी जिससे पारा सामान्य के आसपास बना हुआ है। लेकिन रात में ठंड के साथ गलन बढ़ जा रही है। पछुआ हवा चलने से लोगों को ठंड में परेशानी झेलनी पड़ रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह धूप निकली तो लोगों को ठंड से राहत मिली, लेकिन शाम होते ही गलन बढ़ने फिर परेशानी बढ़ गई। इसके कारण रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कस्बे में आए लोगों ने शाम होते ही घर की राह पकड़ ली। बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी नगर पालिका और नगर पंचायतों को रैन बसेरा सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार की शाम डीएम ने सभी रैन बसेरों में रजाई, गद्दा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।