कुशीनगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड की जर्जर सड़क। संवाद
कसया। नगर के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नगरपालिका परिषद कुशीनगर ने काम करना शुरू कर दिया है। वार्ड नंबर 27 पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में आरसीसी सड़क एवं आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस विकास कार्य पर नगरपालिका की ओर से लगभग 55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की करीब दो हजार की आबादी को सीधा और स्थायी लाभ मिलेगा।
वार्ड में लंबे समय से कच्ची व क्षतिग्रस्त सड़क और समुचित जलनिकासी व्यवस्था के अभाव में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के मौसम में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन जाती थी, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता था। प्रस्तावित आरसीसी सड़क से जहां यातायात सुगम होगा, वहीं आरसीसी नाली के निर्माण से जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
वार्ड में इस सड़क से गोरखपुर मार्ग और नेशनल हाईवे मार्ग को जोड़ने वाली सड़क होने की वजह से काफी लोगों का आवागमन होता रहता है। नगर में जाम से बचने के लिए भी लोग इस मार्ग का ज्यादा उपयोग करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका के इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि सड़क और नाली के निर्माण से न केवल परेशानियां दूर होंगी। ईओ अंकिता शुक्ला ने बताया कि योजना से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।