- प्रभारी मंत्री ने की योजनाओं की समीक्षा, विकास भवन सभागार में अधिकारियों संग बैठक कर विभागों से जुड़ी जानकारी हासिल की
पडरौना। जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा हुई। इसमें विभागों से जुड़ी योजनाओं व वर्तमान स्थिति से अवगत हुए। जहां कमियां मिली वहां पर ठीक करने के लिए निर्देश भी दिए।
मंत्री ने मनरेगा में जॉब कार्ड धारकों को रोजगार उपलब्ध, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना में नए एफपीओ को जनरेट और बड़ा कारोबार करने वाले स्वयंसहायता समूहों की सूची मांगी। उन्होंने आरईडी को तय समय में काम पूरा व हस्तांतरण के लिए निर्देश दिया।
मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से वंचित बसावटों को जोड़ने व चयन करने के लिए निर्देशित किया।चयन में जनप्रतिनिधियों से राय-मशविरा लिया जाए। निर्माणाधीन कार्यस्थलों की सूची जनप्रतिनिधियों को मुहैया कराई जाए। मंत्री ने कहा कि राजस्व के पांच व तीन साल के पुराने मामलों को प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। शिविर लगाकर रीयल टाइम खतौनी व स्वामित्व योजना में घरौनी लोगों को दें। आईजीआरएस में कोई मामला डिफाल्टर नहीं होने पर मंत्री संतुष्ट दिखे।
समीक्षा में पीएम स्वनिधि योजना के प्रथम चरण पूरा होने व दूसरे और तीसरे चरण की कार्रवाई चल रही है कि जानकारी मंत्री को दी गई। 15 हजार से अधिक क्यूआर कोड भी बनाया गया। मंत्री ने बताया कि जिले में कुल 325 पद डाक्टर के स्वीकृत हैं, इसकी जग 244 डाक्टर ही तैनात हैं। सीएमओ को सीएचसी व पीएचसी पर डाक्टरों की तैनाती करने की जरूरत है। निर्देश का अनुपालन न करने वाले के खिलाफ कार्रवाई तय की जाए। आयुष्मान गोल्डन कार्ड अभियान चलाकर आशा,एएनएम, आगंनबाडी,पंचायत सहायकों के माध्यम से बनवाया जाए। दवा व उपकरण उपलब्ध कराया जाए। सांप व कुत्ते के काटने की दवाएं हर अस्पताल पर उपलब्ध होनी चाहिए। मंत्री ने फसल बीमा में बढोत्तरी, पीएम कुसुम योजना में आए आवेदन स्वीकृत कर धनराशि जारी करने व इससे महिलाओं को जोड़ने के लिए जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए।
मखाना की खेती बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग को निर्देश दिया। मंत्री ने तहसीलों में पशु चिकित्साधिकारी की तैनाती व असहाय गोवशों को गो आश्रय स्थलों पर रखकर देखभाल की जाए। आरटीई के तहत 519 बच्चों के प्रवेश दिलाए जाने की जानकारी दी गई। पीडब्लूडी ने सोलह निर्माणाधीन परियोजनाओं में से 14 को पूरा कराए जाने की जानकारी साझा की गई।बचे दो को मार्च तक पूरा कर लेने को बताया गया। विद्युत बिलों में सुधार व आपूर्ति में सुधार लाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन से जुड़ी पूरी हो चुकी परियोजनाओं की सूची विधायकों को मुहैया कराएं। कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि गो तस्करी व धर्मांतरण, लंबित विवेचना/जांच प्रकरण की सूची तैयार कर निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
एसपी ने बताया कि आइजीआरएस में जिला पहले स्थान पर है। मंत्री ने जम्मू कश्मीर में तैनात जिले के कैप्टन अमन कुमार के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने जिले के लोगों को होली पर्व की बधाई दी। इसके पहले मंत्री को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। बैठक में सांसद विजय कुमार दुबे, सभी विधायक,सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
00000
सोहरौना स्थित सब्जी मंडी का निरीक्षण करते प्रभारी मंत्री।स्रोत-सोशल मीडिया