तमकुहीराज। ब्लॉक के बसंतपुर में पांचवीं तक की मान्यता के बावजूद वर्षों से हाईस्कूल तक संचालित हो रहे निजी विद्यालय को शनिवार शाम बीईओ ने बंद करा दिया। बच्चों को घर भेज दिया। जांच में कक्षा एक से हाईस्कूल तक संचालित हो रहे इस विद्यालय की मान्यता सिर्फ पांचवीं तक मिली। तहसील क्षेत्र के एक व्यक्ति ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की थी।
बीईओ सुधीर कुमार ने बताया बसंतपुर में संचालित रामबली सिंह शिक्षण संस्थान के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई थी। शनिवार शाम जांच के दौरान 10वीं तक विद्यालय संचालित मिला। इस विद्यालय की कक्षा पांचवीं तक की मान्यता है। बीईओ ने कक्षा 6 से हाईस्कूल तक के संचालन पर रोक लगाते हुए इन कक्षाओं के छात्रों का नामांकन नजदीकी विद्यालयों में कराने के निर्देश दिए।