पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने सोमवार को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पड़ोस के गांव के युवक ने उसके घर में घुसकर चाकू दिखाकर उसकी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म किया है। आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लाेग थाने के दो सिपाहियों के साथ मिलकर जबरन समझौता कराने और तहरीर बदलने का दबाव बना रहे हैं। पीड़िता ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की है।
पीड़ित ने कहा है कि सोमवार को दोपहर में युवक उनके घर में घुस गया। घर में उनकी बेटी अकेली थी। युवक ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। लड़की के चिल्लाने पर उसकी मां व पिता मौके पर पहुंचे। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस थाने को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम आरोपी को थाने ले गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब वह आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का तहरीर लेकर परिजनों के साथ थाने पर गई तो वहां पर मौजूद गांव के कुछ लोगों व दो सिपाहियों ने पहले पीड़िता को पांच लाख रुपये देने की बात कहकर सुलह के लिए दबाव बनाया। पीड़िता के नहीं मानने पर उसे डरा धमकाकर तहरीर बदलवा कर रात करीब 10 बजे प्रभारी निरीक्षक को दिला दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार जब इसकी जानकारी पीड़िता को हुई तो उसने पुलिस से मिलकर तहरीर बदलकर मुकदमा दर्ज करने की बात कही। थाने में कहा गया कि उसके बयान के आधार पर आगे मुकदमे में धारा बढ़ा दी जाएगी। पीड़िता ने मंगलवार को गांव के पांच लोगों और दो सिपाहियों के खिलाफ मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सीओ उमेश चंद्र भट्ट ने बताया कि मामला संज्ञान में है और मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसपर कार्रवाई की जाएगी।