खड्डा। आजमगढ़ से मुर्गा लेकर बिहार के बेतिया जा रहे पिकअप चालक और खलासी को गोली मारकर सात बदमाशों ने बीस हजार रुपये लूट लिया था। इलाज के बाद पुलिस की पूछताछ में लूट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने चार लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, बाकी तीन की पुलिस तलाश कर रही है। गिरफ्तार बदमाशों से तीन तमंचे बरामद हुए हैं। घायल चालक और खलासी का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आजमगढ़ जिले के बिलरियागंंज थाना क्षेत्र के बिंदवलिया गांव निवासी राजू, यासिर और अमजद रविवार को पिकअप से मुर्गा लेकर कुशीनगर के रास्ते बिहार के बेतिया के पास बैसखवा कस्बे में छोटेलाल गुप्ता को बेेचने गए थे। मुर्गा बेचने के बाद छोटेलाल गुप्ता से 20 हजार रुपये लेकर लौट रहे थे। बगहा के चौतरवा थाना क्षेत्र के परसौनी चौक के पास एनएच-727 पर पहुंचे थे कि दो बाइक सवार युवकों ने इशारा कर पिकअप को रोका। पिकअप रुकते ही दो बाइकों पर सवार चार युवक पहुंच गए और असलहा दिखाकर रुपये मांगने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया। गोली लगने से यासिर और राजू घायल हो गए, जबकि पिकअप में सवार अमजद बाल-बाल बच गया था। बदमाश 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इलाज के बाद होश आने पर घायलों ने पूरी कहानी पुलिस को बताई। घटना के बाद दो दिनों तक घायलों का इलाज बेतिया में चला। बाद में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में घर वाले भर्ती कराए हैं। घटना के बाद केस दर्ज कर एसपी ने एसआईटी गठित कर बदमाशोंं को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। पुलिस की जांच में सात बदमाशों के नाम सामने आए। इसमें पुलिस ने पप्पू कुमार, मोगल कुमार, सलमान खान, मोहम्मद कामरान सभी थाना लौरिया जिला पश्चिमी चंपारण को गिरफ्तार किया। इनके पास से लूट में प्रयुक्त तीन तमंचे, दो बाइकें बरामद हुई हैं। पुलिस फरार चल रहे तीन और बदमाशों की तलाश कर रही है। चौतरवा थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया की लूट की वारदात में सात बदमाश शामिल थे। चार को जेल भेज दिया गया। तीन की पहचान हो गई है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घायलों का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।