नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सेवरही। थाना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी को सेवरही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस अफसर अभी छानबीन की बात कहकर गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। चर्चा है कि शनिवार को पुलिस इस मामले का खुलासा करेगी।
सेवरही थाना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय बालिका के साथ उसी गांव के एक युवक ने दुष्कर्म किया था। लड़की की मां की तहरीर पर केस दर्ज हुआ था लेकिन आरोपी पकड़ा नहीं जा सका था। सेवरही पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। घटनास्थल वाले गांव के प्रधान ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को आरोपी ने पूछताछ के लिए पकड़ लिया है। इस संबंध में तमकुहीराज के सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि घटना तथा आरोपी युवक के विषय में छानबीन होने की जानकारी है, लेकिन अभी आरोपी के पकड़े जाने की सूचना सेवरही पुलिस ने नहीं दी है। एसओ को इस मामले का शीघ्र खुलासा करने का निर्देश दिया गया है।