- चार फेरे के बाद बंद हो जाएगी पूजा स्पेशल, उत्तराखंड में कामगारों के लिए जरूरी है पूजा स्पेशल का संचालन
तमकुहीरोड। कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर चल रही 05080/05079 रामनगर-पाटलिपुत्र पूजा स्पेशल ट्रेन 29 नवंबर को अपना अंतिम फेरा पूरा करने के बाद बंद हो जाएगी। यात्रियों ने इस ट्रेन का संचालन आगे भी जारी रखने की मांग की है।
छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर तीन फेरों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की अनुमति दी थी। इसके तहत 05080 रामनगर-पाटलिपुत्र पूजा स्पेशल को सात, 14 और 21 नवंबर को प्रत्येक शनिवार को रामनगर से पाटलिपुत्र तथा 05079 पाटलिपुत्र-रामनगर पूजा स्पेशल को आठ, 15 और 22 नवंबर को प्रत्येक रविवार को चलाया जाना था।
बाद में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल प्रशासन ने एक फेरा बढ़ाकर 28 और 29 नवंबर को भी ट्रेन चलाने का निर्णय लिया। अब इसका अंतिम फेरा 29 नवंबर को पूरा होने वाला है। इसके बाद ट्रेन का संचालन बंद हो जाएगा।
यात्रियों का कहना है कि ट्रेन का संचालन बंद होने से रामनगर से काशीपुर, बाजपुर, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, पीलीभीत, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर, गोंडा और बस्ती होते हुए गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, तमकुहीरोड, थावे और गोपालगंज के रास्ते पाटलिपुत्र तक यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी होगी।
क्षेत्र के ओमप्रकाश वर्मा, शैलेंद्र मद्धेशिया और दिवाकर दत्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश और बिहार के काफी लोग उत्तराखंड में रोजगार करते हैं। उनका अक्सर अपने घर आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में यात्री हित में इस ट्रेन का संचालन आगे भी जारी रखा जाना चाहिए।
स्टेशन अधीक्षक हबीबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पूजा स्पेशल ट्रेन का फेरा बढ़ने से यात्रियों को सहूलियत मिली है।