कसया। गो रक्षा सेवा संस्थान के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर रैली निकाली गई। रैली कुशीनगर बुद्धा गेट से शुरू होकर गोरखपुर मार्ग से होते हुए तहसील परिसर पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
रैली का नेतृत्व संस्थान के आयोजक आनंद मिश्रा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए और सरकार से गाय के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
तहसील परिसर पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गाय को गौ माता एवं राष्ट्र माता का दर्जा देने, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, प्रत्येक गांव में गौशाला का निर्माण कराने और गोचर बोर्ड का गठन करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष महत्व है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार को ठोस एवं प्रभावी नीति बनानी चाहिए।
इस दौरान राज सिंह, शैलेन्द्र सिंह, राजेश मिश्रा, लक्ष्मीकांत मिश्रा, सुधीर सिंह, विकास सिंह सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।