पडरौना। नए सत्र में नामांकन के लिए परिषदीय स्कूलों की जिला स्तरीय जागरूकता रैली शुक्रवार को पडरौना के ब्लॉक संसाधन केंद्र से निकली। सुबह 11 बजे इस रैली को श्रम मंत्री, सांसद व डीएम ने रवाना किया। रैली पडरौना नगर के मुख्य मार्गों से घूमते हुए वापस बीआरसी परिसर में समाप्त हुई। मंत्री समेत सभी अतिथियों ने शत प्रतिशत नामांकन तथा शैक्षिक गुणवत्ता पर जोर दिया।
रैली को रवाना करने से पूर्व आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के श्रम मंत्री व पडरौना के विधायक स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि शिक्षा अब हर बच्चे का मौलिक अधिकार है। बच्चों को पुस्तक, ड्रेस, मध्याह्न भोजन आदि भी सरकार की तरफ से उपलब्ध कराया जा रहा है। हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि अपने पास-पड़ोस के बच्चों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करें। अध्यापक स्कूल में शिक्षा का बेहतर माहौल बनाएं जिससे कि बच्चे निर्भीक होकर पढ़ाई के लिए उत्सुक हों।
सांसद राजेश पांडेय और डीएम आंद्रा वामसी ने भी नए सत्र में 06 से 16 आयु वर्ग के सभी बच्चों के नामांकन तथा उपस्थिति पर जोर दिया। डीएम ने बताया कि इस शिक्षण सत्र में जिले के 150 स्कूलों को संसाधनों के मामले में मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्कूलों में सफाई, पेयजल, फर्श आदि का बेहतर इंतजाम कराया जा रहा है।
इस जिला स्तरीय जागरूकता रैली में पूर्व माध्यमिक नगर क्षेत्र पडरौना, प्राथमिक विद्यालय साहबगंज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सेमरा हर्दो, पूर्व माध्यमिक विद्यालय रविंद्र नगर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय भिसवा सरकारी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पकड़ी बुजुर्ग, प्राथमिक विद्यालय रविंद्र नगर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कल्याण छपरा, पिपरासी आदि के बच्चे आए थे। ग्रामीण क्षेत्र से आए बच्चों के लिए प्रधानाध्यापकों ने वाहन का भी इंतजाम किया था।
प्राथमिक विद्यालय रुदवलिया के प्रधानाचार्य सुनील कुमार त्रिपाठी, तैराकी कोच बैजनाथ कन्नौजिया, व्यायाम शिक्षक अनिल मिश्रा तथा तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर गोल्ड मेडल जीतने वाले छात्र अतुल शर्मा व सिल्वर मेडल जीतने वाले छात्र बृजेश चौहान को श्रम मंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मंत्री, सांसद, डीएम व बीएसए हेमंत राव ने प्रशस्ति पत्र पाने वाले अध्यापकों तथा छात्रों को कुशीनगर जिले के लिए गौरव बताया।
इस कार्यक्रम में सीडीओ देवीदास, विधायक प्रतिनिधि आरके मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल, डायट प्राचार्य मनमोहन शर्मा, बीईओ पडरौना सत्यप्रकाश कुशवाहा, धीरेंद्र त्रिपाठी, अनिल मिश्रा, तारकेश्वर शुक्ल, इंद्रजीत मणि, मुहम्मद तारिक, प्रमोद श्रीवास्तव, विपिन तिवारी, ब्रह्मानंद तिवारी, हरेंद्र यादव, सर्वेश श्रीवास्तव, राजेश शुक्ला, दिलीप पांडेय, सुनील पांडेय, मनीष तिवारी, आनंद सिंह, प्रवीण पांडेय, ब्लाक अध्यक्ष अनूप सिंह, जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सुनील दूबे, सत्यजीत द्विवेदी समेत कई शिक्षक व अन्य लोग मौजूद रहे।