लक्ष्मीगंज। काॅलेज के सामने बहने वाली राजपुर माइनर के ओवरफ्लो होने से खेतों में पानी भर रहा है। माइनर की पटरी पर स्थित सड़क भी खराब हो गई है। इससे आवागमन भी बाधित हो गया है। खेतों में पानी लगने से फसलों के नुकसान की आशंका हैं।
खजूरिया नहर शाखा से निकली राजपुर माइनर से लक्ष्मीगंज बाजार, चंदरपुर, गोबरही, बडहरा बाबू, पुरैनी आदि गांव के किसानों के फसलों की सिंचाई होती है। राजपुर माइनर लक्ष्मीगंज में एक काॅलेज के सामने से गुजरी है। माइनर ओवरफ्लो हो गई है जिससे इसका पानी गामा प्रसाद, लक्ष्मन यादव, जितेंद्र यादव, रामप्रीत यादव आदि किसानों के खेतों में जा रहा है। मनोज कुमार, रामबेलास, हरेंद्र, राम आशीष आदि लोगों ने बताया कि दो दिन से माइनर ओवरफ्लो हो गया है। इससे अनावश्यक पानी बह रहा है। इसके अलावा माइनर के पटरी पर स्थित सड़क भी खराब हो गई है, इससे चंदरपुर के लोगों के आवागमन में दिक्कत हो रही है। लोगों ने बताया कि सड़क पर पानी बहने से आवागमन बाधित हो गया है। इस संबंध में जेई सिचाई विभाग आदित्य शर्मा ने बताया कि माइनर ओवरफ्लो है तो पानी की सप्लाई कम कर दी जाएगी।