मंसाछापर (कुशीनगर)। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के दहवा गांव में शुक्रवार की देर शाम पशु तस्कर रुस्तम अंसारी के घर वारंट तामील कराने पहुंची कप्तानगंज और धनहा थाने की पुलिस पर पशु तस्करों ने हमला कर रिवाल्वर लूट लिया था। इस वारदात के बाद पुलिस तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
शनिवार को कुशीनगर जिले के जटहा बाजार थाना क्षेत्र, नेबुआ नौरंगिया, खड्डा, कुबेरस्थान थाना क्षेत्रों में बिहार पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन कोई भी पशु तस्कर हाथ नहीं लगा। उधर, धनहा थाने में पकड़े गए संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार की देर शाम को वारंट तामील की कार्रवाई के दौरान पशु तस्करों ने पुलिस टीम को घेरकर हमला बोल दिया था, जिसमें धनहा थाने के डायल 112 के एसआई प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल एसआई का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। तबीयत में अब सुधार बताई जा रही है।
उधर, पुलिस ने छह नामजद सहित 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
घटना के बाद से नामजद मुख्य आरोपी रुस्तम सहित उसके भाई और कई आरोपी भाग गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी रुस्तम के घर की महिलाओं को भी पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं पडरौना शहर के नोनिया पट्टी और छावनी से हिरासत में लेकर पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बिहार से लेकर कुशीनगर के कई थाना क्षेत्रों में हुई छापेमारी
बिहार के दहवा गांव में शुक्रवार को हुए घटना के बाद से पुलिस लगातार काल डिटेल के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। शनिवार की देर रात को पडरौना शहर से चार लोगों को बिहार की पुलिस हिरासत में लेकर चली गई, जिनसे पूछताछ हो रही है। शनिवार की रात को जटहा थाना क्षेत्र, नेबुआ नौरंगिया, खड्डा और कुबेरस्थान थाना क्षेत्रों में कई जगहों पर बिहार की पुलिस ने छापेमारी किया। हालांकि इस कार्रवाई में कोई पुलिस के हाथ नहीं आया।
दहवा में हुए घटना की जांच एसआईटी ने शुरू किया
बिहार के दहवा गांव में पशु तस्करों ने पुलिस टीम को घेरकर पिटाई कर रिवाल्वर और मोबाइल लूट लिया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर एसपी भी पहुंचे और तत्काल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। एसपी ने घटना की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी टीम का गठन किया है। इस टीम में एक डीएसपी, एक इंस्पेक्टर (अंचल निरीक्षक) और पांच थाने की पुलिस शामिल है। एसआईटी पशु तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की जांच करेगी और हमले में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए बिहार व उत्तर प्रदेश में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हाल में आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
जटहा थाना क्षेत्र के पशु तस्कर जवाहिर के घर भी पुलिस का छापा
जटहा बाजार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा बुजुर्ग गांव का निवासी जवाहिर पशु तस्करी में महारथ हासिल है। इस पशु तस्कर के विरुद्ध कुशीनगर, गोरखपुर से लेकर बिहार तक मुकदमा दर्ज है। लोगो का कहना है कि कुछ दिनों से वह बिहार के धवहिया गांव में मकान बनाकर रहता है। लोगों का कहना है कि कभी कभार वह अपने घर विशुनपुरा बुजुर्ग भी आता रहता है। दहवा गांव में घटना के बाद से उसको इधर नहीं देखा गया है। बिहार की पुलिस भी उसके घर छापेमारी की थी, लेकिन वह नहीं मिला।