कसया। कसया और कुशीनगर क्षेत्र के तीन गेस्ट हाउसों में देह व्यापार की शिकायत पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान हाईवे किनारे स्थित एक गेस्ट हाउस से चार युवक और चार युवतियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस की कार्रवाई से गेस्ट हाउस परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के तीन गेस्ट हाउसों में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद महिला एसआई प्रियंका तिवारी के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों सहित टीम ने तीनों गेस्ट हाउसों में छापेमारी की। इस दौरान एक गेस्ट हाउस से चार जोड़े मिले। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के बाद पुलिस ने युवतियों के परिजन को थाने बुलाया। आवश्यक हिदायत देने के बाद उन्हें परिजन के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि युवकों के खिलाफ शांति भंग के तहत कार्रवाई की गई।
एसओ इत्यनंद पांडेय ने बताया कि गेस्ट हाउसों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।