दुदही। शाहपुर खलवा पट्टी गांव में मंगलवार की आधी रात को धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर पुलिस ने एक मकान में छापेमारी किया। इससे अफरा-तफरी मच गई। अंधेरे का लाभ उठाकर पादरी मौके से भाग गया। पुलिस ने वहां जुटे लोगों का वीडियो बनाया और मकान मालिक से पूछताछ की। इस मामले में पुलिस ने हिंदूवादी नेता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दो लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की है। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर खलवा पट्टी गांव में एक मकान में मंगलवार की आधी रात को 50 से अधिक महिलाएं व पुरूष सीताराम के दरवाजे पर प्रार्थना सभा में शामिल रहे। इसकी जानकारी हिंदूवादी नेेताओं को हुई तो वहां पहुंचकर वीडियो बनाकर पुलिस को भेजा। पुलिस ने राष्ट्रीय बजरंगदल के ब्लॉक रक्षा प्रमुख बबलू कुमार की तहरीर पर अज्ञात पर धर्म परिवर्तन का केस दर्ज किया है। पुलिस ने गांव के सीताराम और संतोष को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।