पडरौना। अवैध रूप से पटाखा तैयार करने की सूचना पर एसडीएम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के छावनी के लाला टोला में शनिवार देर शाम छापेमारी की। मौके से बड़ी मात्रा में कागज, पुड़िया व प्लास्टिक आदि बरामद हुआ। कारोबारी के पास लाइसेंस न होने पर टीम ने बरामद सामग्री को नष्ट करा दिया।
एसडीएम सदर ऋषभ पुंडीर को सूचना दी कि छावनी के लाला टोला के समीप बगीचे में अवैध रूप से पटाखा तैयार किया जा रहा है। कुछ ही समय में एसडीएम, सीओ सदर अजय कुमार सिंह व चौकी पुलिस सुभाष चौक मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल में बड़ी मात्रा में सादा व रंगीन कागज, प्लास्टिक का बंडल, सूतली आदि बरामद हुआ। कागज की मात्रा लगभग दस क्विंटल पाई गई। छानबीन में बारूद नहीं पाया गया। पूछताछ में पटाखा कारोबारी की पहचान राजा उर्फ टीपू निवासी तिलकनगर पडरौना के रूप में हुई।