हाटा। नगर के बाजार खास मुहल्ले में संचालित हो रहे अवैध बूचड़खाने पर शनिवार को हाटा कोतवाली पुलिस ने छापा मार कर कई जिंदा जानवर और उन्हें काटने वाले हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। हाटा कोतवाली की पुलिस को किसी ने सूचना दी कि नगर के वार्ड नंबर 23 बाजार खास में अवैध रूप से बड़े जानवरों को काटने के का बूचड़खाना चलाया जा रहा है। इस सूचना पर कोतवाल सुशील कुमार शुक्ला की अगुवाई में हाटा कोतवाली की पुलिस ने शनिवार को दोपहर बाद छापा मारा। जहां से 18 जिंदा पड़वा और दो इलेक्ट्राॅनिक तराजू के साथ चार लकड़ी का ठीहा (काटने वाला) और चार बांका बरामद किया।
मौके से सलमान कुरैशी और शाहिना को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम में अपराध निरीक्षक गुलाब यादव, कस्बा चौकी प्रभारी अनुराग शर्मा, महिला दरोगा प्रीति वर्मा, सिपाही सतीष चंद्र, डब्लू, राजकुमार आदि मौजूद रहे।