पडरौना। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की संदेश यात्रा दूसरे चरण में शनिवार की देर शाम अर्जुनहां चौराहे पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इन कार्यकर्ताओं की अगुवाई राष्ट्रीय मजदूर युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव कृष्ण प्रताप सिंह उर्फ चंदन कर रहे थे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही कोई भी पार्टी सत्ता के शिखर तक पहुंचती है। कांग्रेस के कार्यकाल में किसानों की कर्जमाफी से लगायत कई ऐसी योजनाएं संचालित की गईं, जो आज भी नजीर हैं। यही संदेश लेकर यात्रा गांव-गांव भ्रमण कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का संदेश है कि यदि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो किसानों का कर्जा माफ होगा, बिजली का बिल हाफ होगा और गन्ना का समर्थन मूल्य लागत का डेढ़ गुना मिलेगा। राहुल संदेश यात्रा की अगुवाई कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामबिलास सिंह ने कहा कि भाजपा के सभी दावे खोखले हैं। वह केवल वादे करना जानती है, जबकि सपा और बसपा भ्रष्टाचार और जातिवाद को बढ़ावा दे रही हैं। इस दौरान चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन संतोष श्रीवास्तव, सुशीला गिरी, पंचानंद मिश्रा, सीमा शर्मा, वाजिद अली, अनवर जैकी, शंकर प्रसाद, सीताराम प्रधान, संतोष सिंह, नलनीकांत त्रिपाठी, व्यास ओझा, स्वामीनाथ यादव, उमा पटेल, अंशुमणि त्रिपाठी, आशीष सिंह, मनीष सिंह आदि मौजूद थे।