पडरौना। कुशीनगर की खाट चौपाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सरकार दिल से चलती है। पीएम और सीएम को अगर किसानों का दर्द महसूस होगा तो कर्ज माफ होगा। प्रधानमंत्री पर सीधे हमलावर राहुल गांधी ने कहा कि हम दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री जी को यह बताना चाहते हैं कि उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया है तो अब किसानों का भी कर्ज माफ करो।
शाम छह बजे कुशीनगर के लीलावती देवी स्टेडियम पहुंचे राहुल गांधी ने किसानों से बातचीत के अंदाज में कहा कि यूपीए की सरकार ने किसानों का 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था। भट्टा परसौल में जब सरकार ने किसानों की जमीन छीनी तो मैं वहां गया। केंद्र सरकार ने भूमि अधिग्रहण बिल को पास किया, जिसमें इस बात की व्यवस्था की गई कि किसानों से जबरदस्ती जमीन नहीं ली जा सकेगी। सहमति की स्थिति में भी जमीन के लिए चार गुना कीमत देनी पड़ेगी। परंतु नरेंद्र मोदी की सरकार ने तीन बार उस बिल को समाप्त करने का प्रयास किया। हमारे सांसदों ने इसका तीव्र विरोध किया। इस सरकार ने पिछले साल उद्योगपतियों का 60 हजार करोड़ कर्ज माफ किया। सरकार अगर उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर सकती है तो किसानों का क्यों नहीं। गन्ना किसानों के मुद्दे पर राहुल ने कहा कि एक भी चीनी मिल कांग्रेस की सरकार में बंद नहीं हुई। यूपी में हमारी सरकार बनी तो यह क्षेत्र फिर चीनी का कटोरा बनेगा। खाट चौपाल में पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी अपना मामला उठाया जिस पर राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार ने ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 1500 से बढ़ाकर 3200 रुपये किया था। इस वक्त हम निर्णय नहीं ले सकते, लेकिन उनकी मांग को उचित मंच पर जरूर उठाएंगे। खाट चौपाल में गुलाम नबी आजाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू, जिलाध्यक्ष रामबेलास सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र पांडेय, दीनानाथ चौरसिया, मीडिया प्रभारी शमसेर मल्ल आदि मौजूद थे।