पडरौना। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सपा और बसपा की सरकारों पर जमकर हमला बोला। कहा कि कुशीनगर की पहचान चीनी उत्पाद से थी। चीनी का कटारा के नाम से कुशीनगर प्रसिद्ध था। पूर्ववर्ती सपा-बसपा की सरकारों ने एक-एक कर कुशीनगर की पांच-छह मिलों को बंद कर दिया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि चांदी के चम्मच के साथ जन्म लेने वाले राहुल बाबा और अखिलेश बाबू पूर्वांचल की जनता की समस्या क्या जानेंगे? धूप में मौजूद कार्यकर्ताओं की ओर इशारा करते हुए बोले कि राहुल बाबा को तो पूर्वांचल की गर्मी बर्दाश्त नहीं होती। छह माह में दो बार थाईलैंड और बैंकाक जाना पड़ता है।
केंद्रीय गृहमंत्री ने पडरौना के उदित नरायन पीजी कॉलेज के मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में कहा कि बसपा के समय में प्रदेश की 19 चीनी मिलें बंद की गई। अखिलेश बाबू के समय में 10 चीनी मिलें बंद की गईं। 2017 में भाजपा की सरकार जब यूपी में आई तो हमने 20 बंद पड़ी चीनी मिलों को चालू किया। इसके अलावा हमारी सरकार ने पांच नई चीनी मिलों की स्थापना की। 38 चीनी मिलों के क्षमता में वृद्धि भी भाजपा सरकार ने की है।
सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि अखिलेश बाबू बोल रहे हैं कि भाजपा वाले सहारा का रुपये नहीं दिलाना चाहते हैं। लेकिन, सच्चाई यह है कि सहारा के फंड से सपा की सरकार चलती थी। सपा और कांग्रेस की सरकार में सहारा के जरिए गरीबों का लूटा गया।
भाजपा सरकार सहारा से रकम वापस कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने वादा किया कि चार जून को सरकार बनने के बाद भाजपा एक-एक गरीब को सहरा में डूबी उसकी रकम वापस कराएगी।
अमित शाह ने कहा कि घमंडिया गठबंधन तो सत्ता में आ नहीं रही है। लेकिन एक प्रतिशत मान लो कही आ जाती है तो इनके पास प्रधानमंत्री का चेहरा कौन है। राहुल बाबा बोलते हैं एक-एक साल प्रधानमंत्री घमंडिया गठबंधन के लोग रहेंगे। ऐसे देश कैसे चलेगा। कहा कि पूर्वांचल की समस्या का समाधान सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। मोदी और योगी की सरकार ने उत्तर प्रदेश से माफिया राज को खत्म कर दिया।
भाजपा ने गन्ना बुआई का रकबा बढ़वाया, भुगतान भी सबसे ज्यादा किया
गृहमंत्री ने कहा कि चीनी मिलों के चालू होने से गन्ना बुआई का क्षेत्रफल नौ लाख हेक्टेयर बढ़ाने का भी भाजपा सरकार ने किया है। साल 1995 से 2017 तक सपा, बसपा ने सिर्फ 23 हजार करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान किया था। जबकि 2017 में भाजपा सरकार आने के बाद 2023 तक दो लाख 50 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। पीएम बनने के बाद नरेंद्र मोदी एथेनॉल पॉलिसी लेकर आए। पहले यूपी में 42 करोड़ लीटर एथेनॉल बनता था। आज 156 करोड़ लीटर एथेनॉल यूपी में बन रहा है। 20 प्रतिशत एथेनॉल में बलेंडिंग का नियम करके पेट्रोल-डीजल के इम्पोर्ट का बिल तो घटाया ही मेरे किसानों के घर में रुपया भेजने का काम भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।
भाजपा वाले एटम बम से नहीं डरते, हमारा है पाक अधिकृत कश्मीर
कांग्रेस पर हमलावर गृह मंत्री शाह ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर हमारा है। यह कांग्रेस पार्टी हमें डरा रही है। पाकिस्तान के पास एटम बम है, पाक अधिकृत कश्मीर मत मांगिए। अरे राहुल बाबा आपकी पार्टी कांग्रेस डरती होगी एटम बम से, हम तो भाजपा वाले है, हम एटम बम से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब सपा की सरकार थी तो उसने कारसेवकों पर गोली चलाई। आज यह चुनाव कारसेवकों पर गोली चलाने वाले और राम मंदिर बनाने वालों के बीच का चुनाव है। 70 साल से सपा और कांग्रेस राम मंदिर के मुद्दे को अटका कर बैठे थे्। मोदीजी ने पांच साल के अंदर केस भी जीता, भूमि पूजन भी किया और जनवरी में प्राण प्रतिष्ठा करके जयश्रीराम कर दिया। सिर्फ राम मंदिर ही नहीं बल्कि औरंगजेब का तोड़ा काशी विश्वनाथ मंदिर भी बनाया है।