तमकुहीराज। काले धंधे को सफेद करने में बैंक खातों के लेन-देन और इसके अलावा कस्बे के अन्य सफेदपोश के नाम आने पर पुलिस ने थाने बुलाकर चार लोगों से घंटों पूछताछ की। सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम रफी खान उर्फ बबलू के घर पहुंची। पुलिस टीम आने की जानकारी होने पर घर के लोगों ने दरवाजा नहीं खोला। पुलिस ने जोर जबरदस्ती भी नहीं की और दोबारा आने की सूचना देकर लौट आई।
सूत्रों के अनुसार, चार लोगों से पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और कई ऐसे सफेदपोश के नाम सामने आए है जिनसे पुलिस जल्द ही पूछताछ कर सकती है।
शुक्रवार दोपहर पुलिस ने चार लोगों को थाने में बुलाकर पूछताछ की। रफी और इस गैंग से जुड़े लोगों से उनके संबंध पर भी पुलिस का ध्यान केंद्रित रहा। पशु तस्करी से लेकर मसाला और सेल्स टैक्स की वसूली के विषय में पुलिस ने पहले तो उन्हें अवगत कराया और फिर इससे जुड़े सवाल किए। इस दरम्यान पुलिस के सवाल में लोग उलझ गए। पूछताछ के लिए आए चार लोगों ने कस्बे के कुछ चर्चित सफेदपोशों का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
सीओ और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम रफी खान उर्फ बबलू के घर पहुंची। दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने घर में अंदर जाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस रफी के घर पहुंची थी। सीओ जितेंद्र कालरा गोपनीय जांच का हवाला देते हुए दर्ज मुकदमे से जुड़ी जानकारी लेने की बात कही। दोबारा आरोपी के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जाएगा।
्