मेहदीगंज। अडरौना गांव में मकान का छत लगाने के दौरान छज्जा निकालने के विवाद में पहुंचे मिश्रौली चौकी इंचार्ज और सिपाहियों से महिलाएं व पुरुष उलझ गए। महिलाओं का तेवर देख पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हो गया। पुलिस इस मामले में 14 लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आते अडरौना गांव में रविवार को राजेंद्र चौबे की शिकायत पर मिश्रौली चौकी प्रभारी विवेक पांडेय सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। मकान का छत लगवाने के दौरान सड़क पर छज्जा निकाल रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस को देख एक पक्ष की महिलाएं उग्र हो गई और एक युवक हाथ में डंडा लेकर लहराने लगा और पुलिस को मौके से सभी मिलकर खदेड़ने लगे। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी बैकफुट पर दिख रहे हैं। इसमें दरोगा को महिला और युवती धक्का भी दे रही हैं। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि नूरजहां समेत 14 लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस से अभद्रता करने का केस दर्ज कर लिया गया है। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।