पडरौना। जिले में 22 नवंबर से पल्स पोलियो एसएनआईडी अभियान शुरू होगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में अंतरविभागीय समन्वय बैठक हुई। इसमें अभियान की कार्ययोजना और टीकाकरण की तैयारियों की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे।
अभियान के तहत 22 नवंबर को बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 23 से 27 नवंबर तक स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। वहीं, 30 नवंबर को भी निर्धारित गतिविधियां संचालित की जाएंगी। डीएम ने निर्देश दिया कि माइक्रोप्लान के अनुसार टीकाकरण टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अभिभावकों को जागरूक किया जाए, ताकि वे निर्धारित तिथियों पर अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।
त्योहारों के दौरान लगने वाले मेले, हाट-बाजार और सार्वजनिक आयोजनों में विशेष टीकाकरण टीमें तैनात की जाएंगी। मतदाता पुनरीक्षण के लिए निर्धारित मतदान केंद्रों पर भी विशेष पोलियो टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे। इससे वहां आने वाले अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलवा सकेंगे।
डीएम ने अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कर्मियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों, मलिन बस्तियों और निर्माण स्थलों पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाए।
-
पिछले अभियान में 5.67 लाख बच्चों को पिलाई गई खुराक
जून 2026 में आयोजित पोलियो एनआईडी अभियान के दौरान जिले में पांच वर्ष तक के 5,96,359 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष 5,67,617 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इनमें 2,28,958 बच्चों को बूथों पर खुराक दी गई थी। अभियान के लिए 1,593 बूथ और घर-घर टीकाकरण के लिए 1,042 टीमें गठित की गई थीं। आगामी अभियान के लिए माइक्रोप्लान को एक से 14 नवंबर तक अद्यतन किया जाएगा। इसे 16 नवंबर तक अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा गया है।