मधुरिया रजबाहा पर महासोन में अधूरे पड़े संपर्क मार्ग का मामला
21 मई को अमर उजाला ने अधूरे अप्रोच से उड़ रही धूल राहगीरों को हो रही परेशानी शीर्षक से प्रकाशित की थी खबर
संवाद न्यूज एजेंसी
तुर्कपट्टी। खरदर-जोकवा बाजार मार्ग पर महासोन गांव के पास मधुरिया रजबाहा पर पुलिया के संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू हो गया है। यह काफी दिनों से अधूरा था। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू हो गया है।
यहां बीते दिसंबर में सिंचाई विभाग की संस्तुति पर करीब 28 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण शुरू हुआ। निर्माण के प्रारंभ में ही ठेकेदार ने पुरानी पुलिया से निकली वर्षों पुरानी ईंट तथा दोयम दर्जे की गिट्टी का प्रयोग किया। लोगों की आपत्ति पर एसडीओ रामायण पांडेय ने निर्माण कार्य रोककर गिट्टी बदलवाई। फरवरी में जिलाधिकारी ने खुद ही पुलिया का निरीक्षण किया था।
मार्च में पुलिया बनकर तैयार तो हुई, लेकिन ठेकेदार तथा सिंचाई विभाग ने तीन माह बीत जाने के बाद भी पुलिया के संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं कराया। संपर्क मार्ग अधूरा होने, उड़ती धूल और बिखरी ईंट के कारण आएदिन राहगीर चोटिल हो रहे थे। लोग वैकल्पिक मार्ग से जाने को विवश थे।
रविवार को महुअवा कारखाना निवासी सुनीता पति के साथ बाइक से गिर पड़ीं और उनका दाहिना कंधा टूट गया। गुरवलिया की तीन छात्राएं ट्यूशन कर लौटते वक्त चोटिल हो गईं थीं। लछिया के राजेश अपनी पत्नी संग गिरकर चोटिल हो गए थे। बीते तीन माह में 20 से अधिक राहगीर चोटिल हो चुके हैं। इस परेशानी को अमर उजाला ने अपने 21 मई के अंक में अधूरे एप्रोच से उड़ रही धूल राहगीरों को हो रही परेशानी शीर्षक से उठाया था।
मंगलवार को अधिशासी अभियंता दूधनाथ राम, उप खंड तृतीय रामायण पांडेय और अवर अभियंता अमरेंद्र कुमार बर्नवाल मजदूरों के साथ पहुंचे। धूल की सफाई कराकर संपर्क मार्ग का कार्य प्रारंभ कराया।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता दूधनाथ राम ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं था। संपर्क मार्ग को दो दिनों में ठीक कर लिया जाएगा। अत्यधिक ट्रैफिक के कारण इस प्रकार की दिक्कत आई है।