पडरौना। उप्र राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के तहत एचआईवी एड्स रोकथाम और जागरूकता के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें इंटर काॅलेज और महाविद्यालयों समेत ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि एचआईवी/एड्स के रोकथाम के लिए चलने वाले जागरूकता अभियान के लिए मास्टर प्लान बनाएं। जहां भी जागरूकता कार्यक्रम किया जाए, उसमें जनप्रतिनिधियों को शामिल करें। जागरूकता कार्यक्रम अभियान समाप्त होने बाद कार्यक्रमों का फोटो सीडीओ को उपलब्ध कराएं।
बैठक में जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि सघन जागरूकता अभियान तहत का उद्देश्य एचआईवी/एड्स से संबंधित ज्ञान बढ़ाने के साथ एचआईवी फैलने के कारण और उससे जुड़े जोखिम के संबंध में प्रचार करना है। उन्होंने बताया कि जनपद स्तरीय समन्वय बैठक, आईईसी सामग्री मुद्रण, ग्राम पंचायत स्तरीय बैठक, डोर टू डोर कैंपेन, महाविद्यालय में जागरूकता सत्र, फ्लैशमॉब, स्कूल आउटरीच प्रोग्राम, जागरूकता रैली, जिला चिकित्सालय परिसर में विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज आरके शाही, प्रभारी सीएमओ ब्रजनंदन, सीएमएस डाॅ. दिलीप, जिला क्षय अधिकारी एसएन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।