पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्यों ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके पूर्व सदस्यों ने प्राथमिक और कस्तूरबा समेत अन्य विद्यालयों का निरीक्षण कर उनको सशक्त संरक्षणात्मक परिवेश उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बुधवार को सबसे पहले उप्र राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य डॉ. शुचिता चतुर्वेदी और निर्मला सिंह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय बंधु छपरा पडरौना, ज्ञानोदय स्कूल बेलवनिया और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, धर्मपुर खड्डा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों से उन्हें उपलब्ध होने वाली शासकीय योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों की उपस्थिति, मिड-डे-मिल, आरटीई में नामांकन, साफ-सफाई, बच्चों के बैठने, पुस्तक, खेलकूद और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, श्रम विभाग, समाज कल्याण, प्रोबेशन, दिव्यांग, अल्पसंख्यक, चाइल्ड हेल्प लाइन, बाल कल्याण समिति एवं बाल संरक्षण इकाई के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के बच्चों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए।