खड्डा। भैंसहां गांव के समीप गंडक नदी के छितौनी तटबंध पर ठोकर पुनर्स्थापना कार्य के दौरान शुक्रवार को कुछ ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि ठोकर के समीप मिट्टी खोदाई से तटबंध की मजबूती प्रभावित हो सकती है और भविष्य में कटान का खतरा बढ़ सकता है।
सूचना पर मौके पर मौजूद बाढ़ खंड के अभियंता और तकनीकी टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी। अभियंताओं ने बताया कि ठोकर के पास की जा रही खुदाई और बोल्डर पिचिंग का कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। उनका कहना था कि यह प्रक्रिया ठोकर को मजबूत आधार प्रदान करने और तटबंध की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।अभियंताओं ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य पूरी तरह तकनीकी मानकों के अनुसार किया जा रहा है और इससे तटबंध की मजबूती पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। अधिकारियों के आश्वासन और तकनीकी जानकारी के बाद ग्रामीण शांत हो गए और निर्माण कार्य पुनः शुरू हो गया। एसडीओ मनोरंजन कुमार ने बताया कि कुछ ग्रामीण नासमझी में विरोध कर रहे थे। समझाबुझाकर शांत करा दिया गया।