नहर में पानी न आने पर किसानों ने किया प्रदर्शन
- नहर में पानी छोड़ने की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी दी
टेल तक पानी न पहुंचने से फसल पर पड़ रहा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
उजारनाथ। नहर में पानी के लिए किसानों ने प्रदर्शन किया। बुधवार को उजारनाथ मीर माइनर में घुसकर किसानों ने विरोध जताया। लोगों ने नहर में तत्काल पानी छोड़ने की मांग की। यह भी चेताया कि शीघ्र पानी न आने पर किसान आंदोलन के लिए विवश होंगे।
तमकुही विकास खंड के सपही खास सपही बुजुर्ग, जवार, भैंसहा, अमरवा बुजुर्ग, देवरिया वृत, गगलवा, लोहलगड़ी, मोगलपुरा, सेंदुरिया बुजुर्ग, धारमठिया, पकड़ी गोसाई, तारविशुनपुर आदि गांव नहर के किनारे हैं। यहां किसान फसलों की सिंचाई नहर के पानी से करते हैं। किसानों ने कहा कि सरकार सिर्फ कागजों में योजनाओं को मूर्त रूप दे रही है। बिजली की तरह नहरों मे पानी के लिए भी रोस्टर लगा दिया गया है। इसके बाद भी नहरों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। नहर में पानी न होने से किसानों की धान और गन्ने की फसल प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन में अनूप राय, विश्वनाथ ठाकुर, विनय श्रीवास्तव ,राजेश कुशवाहा, गोपीचंद, इंद्रजीत कुशवाहा, बाबूनंद, शारदानंद, मोतीलाल आदि किसान शामिल थे।