- लक्ष्मीपुर गांव के पास हो रहे कटान का मामला
- शनिवार से कटान स्थल के पास धरना दे रहे हैं विधायक अजय कुमार लल्लू
अमर उजाला ब्यूरो
बरवापट्टी। अमवाखास तट बंध पर नारायणी नदी की कटान से परेशान लोगों की पीड़ा को देखते हुये विधायक अजय कुमार लल्लू का धरना सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। विधायक को मनाने के सारे प्रयास बेकार गए। विधायक ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक बंधे को सुरक्षित नहीं किया जाएगा तब तक धरना चालू रहेगा। सोमवार को विधायक ने प्रियंका गांधी को मामले की जानकारी दी।
तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि अमवाखास तटबंध पर लक्ष्मीपुर गांव के सामने काफी दिनों से नदी का दबाव था। जिसको विधानसभा में भी उठाया जा चुका है। स्थानीय लोगों द्वारा कटान की सूचना अधिकारियों को दी गई लेकिन अनसुना कर दिया गया। जिसका नतीजा है कि गंडक नदी रिंग बंधे को काटकर मुख्य बांध तक पहुंच गई है। सोमवार को तीसरे दिन धरना दे रहे विधायक ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मोबाइल पर बात कर पूरे मामले की जानकारी दी।
फाजिलनगर के प्रधान संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। इस दौरान फाजिलनगर के प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह,अनिल पटेल, मंसूर आलम, संजय कुशवाहा, श्रीनिवास, बिजुल पासवान, राजू निषाद, प्रभु गुप्ता, धीरज कुमार, राकेश प्रसाद, रामेश्वर पटेल रियाज हाशमी, अजय गुप्ता, रामायण, इद्रीस अंसारी, मोहन सिंह, रमाकांत कुशवाहा, रामप्रताप, रामु, महन्थ, संजीव कुमार, आदि मौजूद रहे।
0000000
उदयभान त्रिपाठी