खराब बिजली आपूर्ति से नाराज लोगों ने उपकेंद्र पर किया हंगामा
तमकुहीराज (कुशीनगर)। कस्बा सहित आसपास के क्षेत्र में चल रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, लोकल फाल्ट आदि की समस्या से जूझ रहे लोगों का गुस्सा मंगलवार की रात फूट पड़ा। रात में नाराज लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच कर हंगामा किया। उच्चाधिकारियों के काफी मान मन्नौवल के बाद लोग शांत हुए।
तमकुहीराज कस्बा सहित क्षेत्र के आसपास के गांव में लगातार विद्युत कटौती, लो-वोल्टेज व लोकल फाल्ट से परेशान हैं। सोमवार से कस्बा के कई मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति बाधित है। मंगलवार की रात करीब 10 बजे लोग विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा करने लगे। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नियामतुल्लाह का कहना है कि पूरी रात बिजली की आंख मिचौली चल रही है। मदरसा गौसिया के प्रबंधक कलाम आजाद का कहना है कि उमस भरी गर्मी से परेशान लोग बिजली नहीं मिलने पर और अधिक परेशान हो रहे हैं। व्यापारी नेता परमेन्दर जायसवाल का कहना है कि बिजली निगम के अफसर आम लोगों की दिक्कतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। व्यापारी राजकिशोर गुप्ता, भीम प्रसाद, जितेंद्र सिंह पटेल आदि का कहना है कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो किसी भी दिन लोग सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। एसडीओ केएम शुक्ला का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर जलने के चलते कई मोहल्लों की आपूर्ति बाधित थी, उसे मंगाकर लगवाया जा रहा है। अन्य समस्याओं का भी निस्तारण किया जा रहा है।