मनोनीत सभासदों के अधिकार का छाया मुद्दा, नए प्रस्तावों पर मुहर
नगर पालिका बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों की हुई समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
कसया(कुशीनगर )। नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को नगर पालिका बोर्ड की बैठक हुई। इसमें मनोनीत सभासदों के अधिकार का मुद्दा छाया रहा। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कई नए प्रस्ताव पर मुहर लगी।
बोर्ड की बैठक शुरू होते ही मनोनीत सभासद ओमप्रकाश वर्मा ने अध्यक्षा एवं अधिशासी अधिकारी से पूछा कि मनोनीत सभासदों का क्या अधिकार है। ईओ ने बताया कि केवल एमएलसी चुनाव में मतदान नहीं कर सकते, बाकी सब अधिकार समाहित हैं। इसके बाद वर्मा ने तालाब व पोखरों की नीलामी, गरीबों के मृत्यु पर लकड़ी-कफन की व्यवस्था, सभी वार्डों में स्नान गृह, प्राचीन कुंओं का जीर्णोद्धार, पुरानी सब्जी में मीट व्यवसायियों के लिए चबूतरा का निर्माण एवं मछली मंडी से ब्रह्म स्थान तक मार्ग निर्माण का प्रस्ताव रखा। जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई। नगर पालिका अध्यक्ष साबिरा खातून ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन क्षेत्र के विकास को लेकर कटिबद्ध है। कई बड़े परियोजनाओं का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। धन मिलते ही कार्य शुरू होगा। ईओ प्रेमशंकर गुप्त ने कहा कि सभी वार्ड में पथ प्रकाश की व्यवस्था ठीक करा दी गई है। जल निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है। वरिष्ठ लिपिक ब्रजेश गौतम, भाजपा नेता राधेश्याम गोंड, अमरजीत सिंह, बजेंद्र विश्वकर्मा, विजय सिंह, राधिका देवी, रजनीश तिवारी, विजय, महेश, दयाशंकर, रामअधार यादव, विनोद गिरि,पवन, श्रवण तिवारी आदि मौजूद रहे।