कसाडा की दो करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत
विकास के लाखों की लागत से कराए जाएंगे कार्य
विपश्यना केंद्र का निर्माण अब विश्व बैंक कराएगा
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। कमिश्नर जयंत नार्लिकर की अध्यक्षता में बुधवार को लोटस निक्को होटल में हुई कुशीनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (कसाडा) की 14वीं बैठक में लगभग दो करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गईं। अधूरे पड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने व स्वीकृत परियोजनाओं पर आगे की प्रक्रिया शुरू करने पर जोर दिया गया।
कुशीनगर में बनाया जाने वाले विपश्यना केंद्र का निर्माण अब वर्ल्ड बैंक की टीम करेगी, इसका निर्णय कसाडा की बैठक में लिया गया। प्राधिकरण की आय बढ़ाने के लिए कुछ भूमि अधिग्रहण के मामले में भी स्वीकृति मिली, ताकि आय को बढाया जा सके। बैरिया चौराहे पर कसाडा के प्रशासनिक भवन में इंटीरियर के लिए 25 लाख रुपये खर्च करने की अनुमति मिली। रामाभार स्तूप के निकट दो लाख 32 हजार की लागत से चीना बाबा स्थल पर ओरिएंटल गार्डेन बनाए जाने, प्रशासनिक भवन की चहारदीवारी के लिए 35 लाख की बजट का अनुमोदन किया गया। इसके अलावा हिरण्यवती नदी के बुद्धा घाट पर बुद्ध परिक्रमा पथ को 97 लाख 32 हजार रुपये में बनाए जाने का प्रस्ताव, देवरिया मोड़ पर 13 लाख 15 हजार की लागत से हाईमास्ट लाइट, 14 लाख 43 हजार से होटल पथिक निवास का गेट, पुराने तहसील भवन को हेरीटेज बिल्डिंग के तौर पर विकसित किए जाने, बैरिया चौराहे के पास कम्यूनिटी हॉल व डा रमायन सिंह स्टॉक वाटर मानचित्र स्वीकृति व अनुमोदन के लिए प्रस्ताव पटल पर लाए गए। इस मौके पर डीएम देवरिया अमित किशोर, अपर आयुक्त जेडी सिंह, एसई विद्युत राजेश गुप्ता, ईओ प्रेमशंकर गुप्ता, क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी रवींद्र कुमार, डीएफओ, धनंजय राय, प्रान रंजन आदि मौजूद रहे।