फाजिलनगर में सड़क व नाली निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों के लिए पास हुआ प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। फाजिलनगर नगर पंचायत कार्यालय सभागार में बृहस्पतिवार बोर्ड की पहली बैठक हुई। इसमें 40.84 करोड़ रुपये की लागत से सड़क व नाली निर्माण समेत विभिन्न परियोजनाओं की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा सभासदों ने कस्बा में विभिन्न सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भी पास किया।
कस्बा के विकास से जुड़े निर्माण कार्य जैसे जलनिकासी के लिए नाली, सड़क निर्माण, कस्बा का सुंदरीकरण, पथ प्रकाश, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, अंत्येष्टि स्थल निर्माण समेत अन्य कार्यों की चर्चा की गई। इसके बाद विकास कार्यों से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए 40.84 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
इसके बाद नगर पंचायत में टैक्सी व बस स्टैंड के लिया रज्जब पिपरा के पास स्थान दिया गया। कस्बा में लगने वाले मीट और मछली मंडी को शहर से बाहर ले जाने, पेयजल आपूर्ति के लिए सभी नलकूपों पर जेनरेटर का प्रबंध, नगरीय झील, पोखरा, संरक्षण, फाजिलनगर का नाम परिवर्तित कर पावनगर करने, अमृत सरोवर के रूप में रामजानकी मंदिर व पांच तालाब का सुंदरीकरण समेत अन्य कार्यों के लिए प्रस्ताव पास किया गया।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि राधेश्याम पांडेय ने सभी वार्डों में कुओं की साफ-सफाई कर उसको जाली से ढकने का सुझाव दिया। चेयरमैन शत्रुमर्दन प्रताप शाही ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। यदि किसी सभासद की तरफ से कस्बा के विकास के लिए सुझाव आते हैं, उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इस दौरान ईओ रामबदन यादव, शुभम मिश्रा, राहुल सिंह, कमलेश वर्मा, जेपी सिंह, रमेश पासी, मंजू देवी, श्यामू, रामसेवक सिंह, आनंद सिंह, बैरिस्टर, आरती देवी, खालिद अंसारी, माया देवी, आरती देवी, राजेश आदि मौजूद रहे।