कसया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित डोल मेला सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जुलूस व झांकियां डोल मेले का आकर्षण रहीं। नगर के डोल मेले का शुभारंभ रविवार शाम को जुलूस व झांकियों के प्रदर्शन के साथ हुआ।
जुलूस में भव्य राम मंदिर के साथ-साथ भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों का चित्रण, देवी देवताओं का स्वरूप प्रदर्शन, विशाल रूप में त्रिशूल व गदा का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। डोल मेले से पूर्व महावीरी अखाड़ा, विश्वकर्मा सेवा दल, बजरंग दल, हिंदू सम्राट दल, शिव सेना आदि अखाड़ा एवं डोल मेला समितियों की ओर से जुलूस व झांकियों का प्रदर्शन हाईवे ओवर ब्रिज से लेकर गांधी चौक, पडरौना मार्ग, सपहा मार्ग व गोरखपुर मार्ग सहित पूरे नगर में किया गया।
जुलूस व झांकी प्रदर्शन के उपरांत सभी दलों द्वारा रात में धार्मिक नृत्य कला, संगीत, भजन सहित अखाड़ा के खिलाड़ियों ने बाना, बनैठी, भाला, फरसा सहित हैरत अंगेज कलाओं का प्रदर्शन क़र दर्शकों को आकर्षित किया। इस दौरान नृत्य-संगीत सुनने-देखने के लिए दर्शकों का हुजूम चल रहा था। रात में बारिश के बावजूद भीड़ जुटी रही।
डोल मेला समितियों व अखाड़े नगर के मार्गों पर करतब दिखाते हुए देर शाम को लौट आए। इस दौरान उपजिलाधिकारी कसया योगेश्वर सिंह व क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष कसया सहित कई थानों की पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। इसी क्रम में नगरपालिका परिषद कुशीनगर के अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश कुमार जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, ओमप्रकाश वर्मा, गोपाल शर्मा, सभासद राजेश जायसवाल, राजेश कुमार मद्धेशिया आदि डोल मेला को सकुशल संपन्न कराने में जुटे रहे।