गंगुआ बाजार। विद्युत उपकेंद्र तमकुही के समउर फीडर से जुड़े गांवों में बिजली व्यवस्था फिर लड़खड़ाने लगी है। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि 18 घंटे कौन कहे, उन्हें 10 से 12 घंटे भी ठीक से आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
उपकेंद्र तमकुही के समउर बाजार फीडर से क्षेत्र के गंगुआ मठिया, बिहार खुर्द, कटहरी बाग, परसौनी खुर्द, बिहार बुजुर्ग, पिपरा बघेल, सरेया बुजुर्ग, पुरैना कटेया समेत करीब 40 से अधिक गांव व टोले जुड़े हैं। इन गांवों व टोलों में इसी फीडर से बिजली की आपूर्ति होती है। बीते एक सप्ताह से बिजली कटौती के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र के चंद्रभान गुप्त, रुस्तम अली, नसीरुद्दीन अली, महताब आलम, नन्हे पांडेय, रमाशंकर गुप्त, विनोद शर्मा, अहमद अली, हलीम आदि उपभोक्ताओं का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति देने का निर्देश है, लेकिन यहां 10 से 12 घंटे भी आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र तमकुहीराज के जेई प्रवीण पांडेय ने बताया कि निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से ही आपूर्ति दी जाती है। कई बार लोकल फाल्ट की वजह से आपूर्ति रोकना पड़ता है।