दुदही। पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर बरहन के प्रधानाध्यापक ने प्रधान का फर्जी हस्ताक्षर व मुहर लगाकर किराना व्यवसायी के नाम से 12 हजार रुपये का फर्जी चेक काट दिया। भुगतान कराने के लिए बैंक में पहुंचे तो कैशियर ने आईडी मांगी। इस प्रधानाध्यापक बहाना बनाकर वहां से खिसक लिए। इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को हुई तो उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर बरहन में मध्याह्न भोजन का ग्राम प्रधान अशर्फी यादव एवं प्रधानाध्यापक अनिल शर्मा का पीएनबी बैंक में संयुक्त खाता है। इसका चेक प्रधानाध्यापक अनिल शर्मा के पास है। बीते चार दिसंबर को प्रधानाध्यापक ने 12 हजार रुपये का चेक सेवरही के किराना दुकानदार सौरव कुमार के नाम से काटा। प्रधान का फर्जी हस्ताक्षर-मुहर लगा दिया। फिर बैंक में भुगतान लेने के लिए प्रधानाध्यापक बनरहा स्थित पीएनबी की शाखा पर पहुंच गए। जब कैशियर के पास पहुंचे तो उसे संदेह हुआ। कैशियर ने उनसे आईडी मांगी तो प्रधानाध्यापक आईडी नीचे होने की बात बताकर वहां से खिसक लिए। कैशियर ने किराना दुकानदार को सूचित किया। दुकानदार सौरव कुमार पहुंचकर मामले को जाने। उन्होंने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान बैंक पहुंचकर चेक देखे तो उनका हस्ताक्षर फर्जी था। ग्राम प्रधान ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में बीईओ देवमुनि वर्मा का कहना है कि प्रधान का शिकायती पत्र मिला है। शनिवार को जवाब मांगा है। अगर जवाब नहीं देते हैं तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।