सुकरौली (कुशीनगर)। हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली कस्बे में फोरलेन के ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे हाटा से गोरखपुर की तरफ जा रही बाइक में किसी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक चला रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने इसकी सूचना कस्बे के लोगों व पुलिस को दी। काफी देर तक शव ओवरब्रिज पर ही पड़ा रहा। बाद में पहुंची चौकी पुलिस ने एंबुलेंस से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गोरखपुर के तारा मंडल स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करने वाले पुजारी प्रमोद मिश्र (50) निवासी सिसवा थाना हरपुर गोरखपुर किसी काम से बाइक लेकर हाटा की तरफ आए थे। यहां से लौटते वक्त वह सुकरौली कस्बे में फोरलेन के ओवरब्रिज पर पहुंचे थे कि किसी वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घंटों वह ओवरब्रिज पर पड़े रहे। उधर से गुजर रहे लोगों ने कस्बे के कुछ लोगों को सूचना देने के साथ ही पुलिस को भी जानकारी दी। काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें पीएचसी सुकरौली ले गई। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक नंबर से पुलिस ने उनकी शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिजन दिल्ली रहते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।