पटहेरवा। पटहेरवा थाना क्षेत्र के मखुआ गांव की महिला ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कसया में 156 (3) के तहत वाद दाखिल कर पड़ोस के पांच लोगों पर घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ के साथ ही सोने की बाली खींच लेने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पटहेरवा पुलिस आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
क्षेत्र के मखुआ गांव की सबरून नेशा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कसया में वाद दाखिल कर बताया था कि 16 जून की शाम करीब पांच बजे दरवाजे पर पानी गिराने को लेकर पड़ोस के इम्तियाज, नाजिर, जैतून निशा, आसमा व खैरूल हाथ में लाठी-डंडा लेकर पीड़िता के दरवाजे पर आ गए और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपी मारपीट करने लगे।
बीच-बचाव करने आई पीड़िता की दो बेटियों को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप यह भी है कि मां के साथ दोनों पुत्रियां जान बचाने के लिए घर में भागी तो आरोपी घर में घुसकर मारपीट करने लगे।इम्तियाज और नाजिर इसी दौरान कान से बाली खींच ले गए और घर में बर्तन, कुर्सी, मेज और टीवी को तोड़ दिया। घटना देख लोगों ने बीच-बचाव किया। कोर्ट के आदेश पर पटहेरवा पुलिस आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ करने आदि के मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।