लांचिंग पैड के लिए गिराई गई मिट्टी। स्रोत-सोशल मीडिया
गुरवलिया बाजार। तमकुही क्षेत्र के जंगलीपट्टी गांव में गंडक नदी के किनारे होने वाली मॉडल रॉकेटरी कैनसेट प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस माह की 29, 30 और 31 तारीख को यह प्रतियोगिता आयोजित होगी।
नदी के किनारे राॅकेट लाचिंग के बाद भी अंतरिक्ष से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कृषि बहुल कुशीनगर में किसानों और नौजवानों के विकास व उनकी बेहतरी के लिए प्रयास किए जाएंगे।
वैज्ञानिकों के अलावा इसरो और इंस्पेस के चेयरमैन व उच्चाधिकारियों के मौजूदगी में प्रक्षेपण स्थल से ही कुशीनगर और देवरिया में किसानों, युवाओं के लिए भविष्य का रोडमैप भी तैयार होगा। गांव में लांचिंग पैड के निर्माण के लिए मिट्टी गिराने का काम शुरू हो गया है।
देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी का प्रयास है कि इस क्षेत्र में अंतरिक्ष हब बनाया जाय। वहीं शासन ने पहले से ही देवरिया में अर्थ स्पेस स्टेशन के लिए तैयारियां शुरू की हैं।
सांसद के मुताबिक उनका प्रयास है कि कुशीनगर-देवरिया में स्पेस की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए सोनूघाट में विज्ञान की एक शाखा (स्पेस टेक्नोलॉजी) के लिए भी कोशिश हो, जो रॉकेट, उपग्रहों और अंतरिक्ष यान को डिजाइन करने, विकसित करने तथा उन्हें तैनात करने पर केंद्रित हो। इसके लिए वरिष्ठ वैज्ञानिक, विशेषज्ञों और अंतरिक्ष से जुड़े महत्वपूर्ण लोगों के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा।
गुजरात और कर्नाटक में आयोजित होने वाले मॉडल रॉकेटरी कैनसेट प्रतियोगिता की मेजबानी इस बार यूपी कर रहा है। कुशीनगर स्थित तमकुही के जंगलीपट्टी गांव में गंडक नदी के किनारे यह कार्यक्रम आयोजित होगा।