पकवा इनार। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान की तैयारी तेज हो गई है। एयरवेज कंपनी इंडिगो की दो सदस्यीय टीम सोमवार को एयरपोर्ट पहुंची। टीम ने एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के पैरामीटर के लिहाज से जानकारी ली।
दो नवंबर 2023 से एयरपोर्ट से उड़ान बंद है। लोगों को गोरखपुर और दूसरे एयरपोर्ट तक जाना पड़ता है। अब उड़ान शुरू होने की उम्मीद जगी है।
एयरवेज कंपनी इंडिगो की दो सदस्यीय टीम में लखनऊ से धनिश नायर व दिल्ली से पंकज कुमार पांडेय ने अधिकारियों के साथ दिन भर एयरपोर्ट की मौजूदा सुविधाओं को भ्रमण कर जायजा लिया। उसकी ड्राफ्टिंग तैयार की।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार यह दो सदस्यीय टीम रिपोर्ट तैयार कर कंपनी के उच्चाधिकारियों को भेजेगी, जहां उसे परखा जाएगा। टीम के सदस्यों ने एयरपोर्ट की व्यवस्था को बेहतर बताया।
लेकिन उनकी रिपोर्ट के बाद भी एक बार और बारीकी से हर बिंदुओं पर जांच करने कंपनी की टीम आने की संभावना जताई जा रही है।
एयरपोर्ट प्रदेश का तीसरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है। इसका उद्घाटन 20 अक्टूबर 2021 को भव्य कार्यक्रम के साथ किया था। हालांकि अभी आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) का 50 फीसदी काम हो चुका है, जबकि शेष बचा कार्य कुछ जमीन विवादित होने के चलते काम अधूरा पड़ा हुआ है। हालांकि प्रशासन समाधान में लगा हुआ है। वहीं, डीवीओआर (डाप्लर वेरी हाई फ्रिक्वेंसी ओमनी रेंज) सिस्टम स्थापित किया जा चुका है।
इस संबंध में एयरपोर्ट के प्रभारी निदेशक प्रणेश कुमार राय ने बताया कि इंडिगो की दो सदस्यीय टीम आई थी।
एयरपोर्ट का भ्रमण कर अध्ययन किया। इसमें सब कुछ उनके अनुसार उपलब्ध मिला। टीम कंपनी के उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेगी।