पडरौना। शारदीय नवरात्र के लिए देवी मंदिरों में रविवार को सफाई और रंगाई-पुताई कराई गई। प्रमुख मंदिरों के परिसर में मेले की तैयारी पूरी कर ली गई है। पूजा-सामग्री, मिठाई, खिलौने आदि की दुकानें सज गई हैं। सोमवार सुबह से पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी। वहीं घर में कलश स्थापना की जाएगी। इसके लिए श्रद्धालु शाम तक घर की साफ-सफाई किए।
नगर के प्राचीन दुर्गा मंदिर, बुढ़िया माई मंदिर, अंबे मंदिर, गायत्री मंदिर, बलुचहां स्थित लखरांव माता मंदिर, छावनी के हट्ठी माता मंदिर सहित ग्रामीण क्षेत्र के देवी मंदिरों में शारदीय नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना की तैयारी पूरी कर ली गई। मंदिर समिति के सदस्य पूरे दिन तैयारी में लगे रहे।
इसी तरह कसया के मैनपुर कोट मंदिर, कुलकुला देवी मंदिर और कुबेरस्थान क्षेत्र के जलपा माई मंदिर, खनवार देवी मंदिर समेत जिले के सभी देवी मंदिरों में देर शाम तक साफ-सफाई और सजावट के कार्य किए गए।
तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार सेवरही क्षेत्र में सोमवार से शरदीय नवरात्र शुरू हो रहा है। पहले दिन कलश स्थापना के साथ देवी के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा की जाएगी। इसको लेकर कस्बा से लगायत गांव तक के देवी मंदिरों को सजाने और पंडालों के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। रविवार को लोग जगह-जगह स्थापित होने वाले प्रतिमाओं व पूजा पाठ को लेकर साफ-सफाई के साथ अन्य आवश्यक तैयारियों में जुटे रहे।
कस्बा के बेलवा माता मंदिर आजाद नगर, मिल गेट दुर्गा मंदिर मालवीय नगर, छतुवनिया माता मंदिर अवदान टोला, जलपा माता मंदिर कतौरा, भवानी मंदिर महाबीर नगर, अष्टभुजी माता मंदिर ब्रह्मपुर, बसई देवी दुर्गा मंदिर जगदीशपुर, योगेश्वरी माता मंदिर शिवाघाट आदि मंदिरों में पूरे दिन साफ-सफाई की गई।