कसाडा कार्यालय में इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव के लिए बैठक करते डीएम महेंद्र सिंह तंवर और अन्
कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली कुशीनगर स्थित महापरिनिर्वाण मंदिर में 31 मार्च से दो अप्रैल तक तीन दिवसीय इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। इस आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार की शाम कसाडा कार्यालय में बैठक हुई। इसमें डीएम ने कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी।
बैठक में कॉन्क्लेव के आयोजन स्थल के रूप में महापरिनिर्वाण मंदिर परिसर का चयन किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से बौद्ध भिक्षुओं और प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आईबीसी दिल्ली, बोधगया, सारनाथ और लुंबिनी से समन्वय स्थापित करने पर विचार-विमर्श किया गया। डीएम महेंद्र सिंह ने आयोजन की बेहतर व्यवस्था के लिए टेंट-पंडाल से संबंधित कार्यों हेतु टेंडर कमेटी और अतिथियों के स्वागत व आमंत्रण के लिए अलग से आमंत्रण कमेटी गठित करने पर चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य टीम की तैनाती और मोबाइल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही साफ-सफाई और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में तय हुआ कि तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न देशों के कलाकार भाग लेंगे। साथ ही हर दिन अलग-अलग प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले अतिथियों को स्थानीय संस्कृति और आतिथ्य का अनुभव मिल सके।
इस दौरान एसपी केशव कुमार, सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव, एसडीएम कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, सीओ कुंदन सिंह, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. प्राण रंजन, भंते महेंद्र, भंते नंद रतन, भंते अशोक, सोंगक्रान, ईओ अंकिता शुक्ला आदि मौजूद रहीं।