चिह्नित अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण की तैयारी
पडरौना। इस स्वाधीनता दिवस पर जनपद के 167 अमृत सरोवरों पर पहली बार ध्वजारोहण होगा। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उनके आश्रित या वहां के वयोवृद्ध नागरिक ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद पौधरोपण होगा और फिर दिन भर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। हालांकि, ज्यादातर अमृत सरोवर पूरी तरह बन नहीं पाए हैं। ध्वजारोहण को ध्यान में रखते हुए वहां तैयारी तेज कर दी गई है।
जनपद में बन रहे अमृत सरोवरों पर भी इस साल स्वाधीनता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करने का निर्णय लिया गया है। दो सौ से अधिक अमृत सरोवर निर्माणाधीन हैं, उनमें से 167 को स्वतंत्रता दिवस से पहले पूर्ण कराकर वहां ध्वजारोहण किए जाने की तैयारी की जा रही है। वहां सफाई, पाथ-वे का निर्माण, गेट का निर्माण, झंडारोहण के लिए चबूतरा आदि बनाए जा रहे हैं।
सभी कार्य 15 अगस्त से पहले पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। इन अमृत सरोवरों पर 15 अगस्त को सुबह गांव के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी या उनके आश्रित ध्वजारोहण करेंगे। यदि गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी या उनके आश्रित नहीं हैं तो गांव के किसी वयोवृद्ध व्यक्ति के हाथों ध्वजारोहण कराया जाएगा। उसके बाद पौधरोपण होगा और फिर स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे, जिसमें एकांकी, नाटक, देशभक्ति गीत सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।