विभिन्न मांगों के संबंध में प्रधानों ने किया पैदल मार्च
खड्डा/तमकुहीरोड। ग्राम प्रधान संगठन की तरफ से शनिवार को कस्बा में पैदल मार्च कर सीएम और ग्राम विकास मंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। इसमें प्रधानों ने मनरेगा का धन सीधे ग्राम पंचायत के खाते में भेजने समेत अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष संतोष मणि त्रिपाठी की अगुवाई में खड्डा ब्लाक अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव समेत अन्य ग्राम प्रधान विकास खंड परिसर में एकत्र हुए। यहां से पैदल मार्च करते हुए तहसील पहुंचे, जहां सीएम और ग्राम विकास मंत्री को संबोधित एसडीएम भावना सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें पांच लाख तक के विकास कार्यों का डोंगल प्रधानों को देने, मनरेगा का धन सीधे ग्राम पंचायत के खाते में भेजने सहित अन्य मांगे रखीं।
इस दौरान संग्राम सिंह यादव, अवनिंद गुप्ता, सुनिल प्रजापति, श्रवण कुशवाहा, सुभाष गौतम, रामप्यारे कुशवाहा, विकास उर्फ गोलू गुप्ता, संतोष यादव, रवि चौरसिया, जनार्दन, किशुन यादव, संतोष पासवान, राजू मल्ल, गणेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे। वहीं, सेवरही ब्लॉक सभागार में शनिवार को ग्राम प्रधान संघ की बैठक हुई। इसमें ग्राम प्रधानों की समस्याओं की चर्चा कर उसके निस्तारण की मांग की गई। इसके बाद प्रधानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीडीओ सेवरही बब्बन राय को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बैठक में ग्राम प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णा राय ने कहा कि गांव में सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में विभिन्न विभागों की तरफ से सृजित संपत्तियों की देखभाल नहीं हो पा रही है। इसके लिए शासन की तरफ से गंभीरता लेते हुए समाधान कराने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान रामनरेश कुशवाहा, नसीरुद्दीन अंसारी, बृजेश राय, हीरालाल यादव, दिनेश जायसवाल, प्रेमप्रकाश कुशवाहा, प्रमोद सिंह, योगेंद्र सिंह, केदार ब्यास, बूटाई निषाद आदि मौजूद रहे।
मुख्यालय का घेराव करेंगे प्रधान
पडरौना। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष व ग्राम कोल्हुआ के प्रधान अकबर अंसारी ने बताया कि शोषण के खिलाफ जिले के सभी ग्राम प्रधान सोमवार को जिला मुख्यालय का घेराव करेंगे। कलक्ट्रेट के सामने बुद्धा पार्क में विशाल धरना-प्रदर्शन के माध्यम से शासन-प्रशासन को ग्राम प्रधानों की एकजुटता दिखाई जाएगी। जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर ग्राम प्रधानों के निर्णय से अवगत कराया। बताया कि जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र डीएम को सौंपा जाएगा। संवाद
अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे ग्राम प्रधान
बनकटा बाजार। ग्राम प्रधान संघ की तरफ से विभिन्न मांगों के संबंध में सोमवार से फाजिलनगर ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन कर अनिश्चित हड़ताल की जाएगी। यह जानकारी प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी व फाजिलनगर ब्लॉक के प्रधान संघ के संरक्षक नबी रसूल ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि आंदोलन में मोबाइल मॉनिटरिंग व्यवस्था पर रोक लगाने, मनरेगा में पांच लाख रुपये के वित्तीय स्वीकृति के अधिकार पंचायतों और मनरेगा का भुगतान करने के लिए ग्रामप्रधान को डोंगल प्रदान करने समेत अन्य मांगों को पूरा करने के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा। संवाद